भवन के पास खड़ा था युवक, अचानक दूसरे भवन से सिर पर गिरी टाइल
संजौली में कुछ दिन पहले भी एक बच्चे के सिर पर गिरी थीं ईंट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली में शनिवार शाम नगर निगम के सामुदायिक भवन की दूसरी मंजिल की दीवार पर लगी एक टाइल अचानक उखड़कर नीचे गिर गई। भवन के नीचे कुछ युवक बैठे थे। यह टाइल गिरकर इनमें से एक युवक के सिर पर लग गई जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद स्थानीय लोग इसे आईजीएमसी अस्पताल ले गए। यहां इसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार 19 वर्षीय इस युवक की हालत फिलहाल ठीक है और इसका सिटी स्कैन करवा दिया है। इसकी रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल इसे अस्पताल में भर्ती कर दिया है। संजौली में नगर निगम का तीन मंजिला सामुदायिक भवन बना है। इस भवन की बाहरी दीवारों पर नगर निगम ने टाइलें लगाई हैं। भवन के बाहर शनिवार को कुछ युवक खड़े थे। इस दौरान दूसरी मंजिल की दीवार पर लगी टाइल अचानक नीचे गिर गई। स्थानीय पार्षद ममता चंदेल ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की सूचना मिली है। कहा कि सामुदायिक भवन की दीवार पर लगी टाइल कैसे गिरी, इसका पता लगाया जाएगा।
स्कूली बच्चे पर गिरी थी टाइल
संजौली में कुछ दिन पहले भी एक स्कूली बच्चे पर निर्माणाधीन भवन से ईंट गिर गई थी। इससे बच्चे को गहरी चोटें आई थी। यह आईजीएमसी में उपचाराधीन है। इस घटना के बाद पुलिस ने भवन मालिक पर केस दर्ज किया है। शहर में निर्माणाधीन भवनों के बाहर सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम को ऐसे भवन मालिकों पर कार्रवाई करनी चाहिए जो बिना सुरक्षा के इंतजाम किए निर्माणकार्य कर रहे हैं।