हिमाचल के जिला किन्नौर के भावानगर से तीन किलोमीटर दूर लुतुक्सा में एक युवक की जहर निगलने से मौत हो गई है। युवक ने जहर किस कारण खाया पुलिस इसके कारण की जांच में जुट गई है। मृत्तक युवक लुतुक्सा में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था।
जानकारी के अनुसार पानवी गांव के 35 वर्षीय दलीप सिंह ने बुधवार को कीटनाशक खा लिया। इसे अचेत हालत में सीएचसी भावानगर लाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रैफर किया।
मगर युवक की आईजीएमसी पंहुचते ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का आईजीएमसी में ही पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृत्तक पेशे से भेड़ पालक था। वह सर्दियों में भेड़ बकरियों को लेकर बिलासपुर गया था।
पांच दिन पहले ही वह अपने परिजनों से मिलने गांव आया था। बुधवार को अपनी पत्नी को लुतुक्सा क्वार्टर से यह कह कर चला गया कि वह बिलासपुर में भेड़ बकरियों के पास जा रहा है। बिलासपुर जाने की बजाय रामपुर से ही लुतुक्सा में अपने क्वार्टर वापस आया।
क्वार्टर पंहुचते ही उसने उल्टियां शुरू की। उसके हाथ में कीटनाशक की शीशी थी। उसकी पत्नी उसे गंभीर हालत में सीएचसी भावानगर ले कर आई। जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रैफर कर दिया था। थाना प्रभारी भावानगर प्रकाश नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक ने जहर किस कारण खाया इसकी जांच की जा रही है।