हिमाचल के चंबा में चुराह घाटी में चल रहे एक सड़क निर्माण कार्य के दौरान विस्फोट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। युवक सड़क कार्य में मजदूरी कर रहा था। मृतक की पहचान धर्मपाल पुत्र सागर चंद उम्र 24 साल निवासी गांव कोडला पंचायत सेईकोठी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का यह कार्य प्रीतमास से लियुंडा के लिए चल रहा था। शुक्रवार को लगभग सवा चार बजे निर्माण कार्य के दौरान सड़क बनाने के लिए पांच विस्फोटक लगाए गए थे। जिनमें से चार में ब्लास्ट हो गया जबकि एक में ब्लास्ट नहीं हुआ। कुछ समय बीतने के बाद जब धर्मपाल आगे बढ़ा तो धमाके के साथ विस्फोट की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद सेईकोठी पंचायत के पूर्व प्रधान हरिचंद ने बताया कि यह हादसा बहुत ही दर्दनाक था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। जिन्होंने मौके पर मौजूद लोगों के बयान लेने के साथ साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस घटना के बाद पूरे चुराह हलके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के बाद घटना स्थल लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
इसे काबू करने के लिए पुलिस को सख्ती अपनानी पड़ी। उधर, तीसा थाना प्रभारी बीआर शर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि सड़क कार्य के दौरान यह हादसा हुआ है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों व ठेकेदार के बयान दर्ज किए हैं। वहीं डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।