हमीरपुर में देवभूमि संघर्ष समिति के प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जब देवभूमि संघर्ष समिति के पदाधिकारी उपायुक्त कार्यालय गेट के अंदर नारेबाजी करते हुए जा रहे थे तो अचानक ही विश्व हिंदू परिषद के सदस्य वीरेंद्र परमार(47) निवासी कांगू बडेहडा नीचे गिर गए। साथ चल रहे कार्यकताओं और कुछ पुलिस कर्मियों ने वीरेंद्र परमार को उठाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति को गिरते ही सिर में चोट लगी थी और बेहोशी की हालत में पुलिस की गाड़ी में उसे मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया। जहां पर कुछ देर तक उपचार मिलने के बाद व्यक्ति की मौत हो गई है। एएसपी राजेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कांगू निवासी वीरेंद्र परमार गिर गया था और बाद में मेडिकल काॅलेज में उपचार के बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतक का मेडिकल काॅलेज में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।