जाम लगने वाले स्थानों को चिह्नित कर होगा सुधार, अभी आधी जगहों पर ही नियुक्त हैं यातायात कर्मचारी
विज्ञापन
एसएसपी बोले-ट्रैफिक व्यवस्था में करवाएंगे सुधार
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी की जनता को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस नया ट्रैफिक प्लान तैयार करेगी। इसके तहत शहर में जाम को लेकर संभावित बॉटलनेक की पहचान कर उन्हें खत्म किया जाएगा। इसके अलावा शहर में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के खाली पदों को भी जल्द भरा जाएगा।
एसएसपी गौरव सिंह ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में कहा कि पुलिस शहर में हर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए विशेष रूप से काम कर रही है। इसका मकसद लोगों को सुबह और शाम के समय लगने वाले यातायात जाम से निजात दिलाना है। इसके लिए पुलिस विभाग की टीम प्रशासन के साथ ही मिलकर शहर में ट्रैफिक जाम के संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर रही है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के 40 के करीब खाली पदों को भरने की पुलिस मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। इससे शहर में संचालित होने वाले सभी ट्रैफिक प्वाइंट पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जा सकेगी।
विज्ञापन
शहर में वर्तमान में स्टाफ की कमी के कारण आधे ट्रैफिक प्वाइंट पर ही पुलिस कर्मचारियों की तैनाती हो पा रही है। इस वजह से सुबह और शाम के समय पीक ऑवर्स में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में दिक्कतें आती हैं। वर्तमान में शहर में चिह्नित किए 72 ट्रैफिक प्वाइंट्स में से आधे में ही ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती हो पा रही है। इस वजह से आधे ट्रैफिक प्वाइंट्स खाली चल रहे हैं। इसका असर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में भी दिखता है। अतिरिक्त स्टाफ मिलने के बाद सभी प्वाइंट पर कर्मियों की तैनाती हो पाएगी।
बड़े सप्लायरों पर होगी कार्रवाई, संपत्ति करेंगे फ्रीज
एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। इसमें बड़े सप्लायरों पर कार्रवाई की जाएगी और उनकी नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति को ध्वस्त किया जाएगा। इससे समाज में संदेश जाएगा कि इस अवैध कार्य में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीमों ने काम शुरू कर दिया है और कई मामलों में पुलिस की टीमें सप्लायरों की धर पकड़ की कोशिश कर रही है। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है।