एक हजार लीटर प्रति मिनट होगी सप्लाई, आईसोलेशन और मेकशिफ्ट वार्ड को होगी आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। इस प्लांट के शुरू होने से आईसोलेशन और मेकशिफ्ट वार्ड को ऑक्सीजन की सीधी सप्लाई मिलेगी। यह प्लांट 31 अगस्त तक बनकर तैयार हो जाएगा।
कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए सरकार पहले ही सतर्क हो गई है। प्लांट से एक मिनट में एक हजार लीटर ऑक्सीजन की सप्लाई आईसोलेशन और मेकशिफ्ट वार्ड में होगी। आईजीएमसी के मेडिकल कॉलेज में पुराने प्लांट से पूरे अस्पताल को सप्लाई दी जाती है। लेकिन वर्क लोड अधिक होने से काफी परेशानी होती है। अब अतिरिक्त प्लांट लगने से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इस प्लांट पर प्रदेश सरकार करीब पैंतालीस लाख रुपये खर्च कर रही है, कुछ पैसा केंद्र सरकार देगी।
मरीजों को मिलेगी राहत : डॉ. सुरेंद्र
आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में नया पीएसए प्लांट लगाया जा रहा है। प्लांट से एक मिनट में एक हजार लीटर ऑक्सीजन तैयार होगी। आपात स्थिति में मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी पेश नहीं आएगी।