बीते साल शुरुआत में 40 से 45 रुपये प्रतिकिलो बिका था मटर, कम दाम मिलने से किसान मायूस
विज्ञापन
फूलगोभी को 10 से 15 रुपये प्रतिकिलो मिले दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ढली सब्जी मंडी में इस साल के सीजन की शुरुआत हो गई है। मंडी में शनिवार को सोलन से मटर और फूलगोभी की पहली खेप पहुंची। पहले दिन सब्जी उत्पादकों को बीते वर्ष के मुकाबले फसल के दाम कम मिले।
पिछले साल जहां इस सीजन की शुरुआत में किसानों को मटर के थोक में 40 से 45 रुपये प्रतिकिलो दाम मिल थे वहीं इस वर्ष मटर 20 से 25 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। फूलगोभी को 10 से 15 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले हैं। आढ़तियों का कहना है कि अभी बाहरी राज्यों से पहाड़ी मटर की मांग नहीं आ रही है क्योंकि अभी पंजाब से मटर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में बाहरी राज्यों से मांग बढ़ने के साथ किसानों को उनकी फसल के बेहतर दाम भी मिलना शुरू हो जाएंगे। फसल लेकर मंडी पहुंचे किसानों ने बताया कि शुरुआत में मिले मटर के दामों से उनके हाथ निराशा ही लगी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छे दाम मिलेंगे। मंडी में शनिवार को सोलन मंडी से करीब 40 बोरी मटर और 10 बोरी फूलगोभी पहुंची है। लोअर बाजार सब्जी में पहाड़ी मटर 25 से 30 रुपये प्रतिकिलो होल सेल में बिका और परचून में यह ग्राहकों को 50 रुपये प्रतिकिलो में मिला। ढली सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि शनिवार को यह सब्जियां स्थानीय दुकानदारों ने ही खरीदी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मटर की बाहरी राज्यों में अधिक मांग रहती है। यह गुणवत्ता के अनुसार बाहरी राज्यों के मटर से बेहतर माना जाता है। खाने में भी अधिक स्वादिष्ट होता है।
लोअर बाजार में 30 रुपये किलो बिका टमाटर
शिमला के लोअर बाजार सब्जी मंडी में बाहरी राज्यों से सब्जियों की आपूर्ति बढ़ गई है। ऐसे में सब्जियों के दाम 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक गिर गए हैं। सब्जी मंडी में शनिवार को टमाटर 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बिका। इसके अलावा गाजर, फूलगोभी, बंद गोभी और प्याज 30 रुपये बिके, वहीं आलू 20 रुपये प्रति किलो बिके। संवाद