संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के उपनगर ढली स्थित दुर्गा माता कॉलोनी में सड़क निर्माण शुरू हो गया है। करीब 1200 मीटर लंबी इस सड़क से यहां रहने वाले हजारों लोगों को लाभ होगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने इसकी जानकारी दी।
ढली दुर्गा मंदिर कॉलोनी में कई सालों से सड़क नहीं है। यहां रहने वाले महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आपात स्थितियों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क कनेक्टिविटी न होने के कारण आने-जाने में भी मुश्किल होती थी।
नगर निगम ने सड़क निर्माण के लिए एफआरए में 19 लाख रुपये जमा कर दिए हैं। पांच लाख रुपये का टेंडर भी जारी कर दिया है। हालांकि, कहा जा रहा है कि निर्माण लागत भविष्य में बढ़ सकती है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। सड़क निर्माण के शुभारंभ अवसर पर उप महापौर उमा कौशल, पार्षद विशाखा मोदी, मनोनीत पार्षद गोपाल शर्मा, पूर्व पार्षद संजय चौहान समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।