सावधान! शिमला शहर में कोई खूबसूरत लड़की या महिला आपसे लिफ्ट मांगे तो थोड़ा होशियार रहें। हो सकता है कार में बैठने के बाद उसके एकदम से तेवर बदल जाए और वह आपको छेड़खानी या दुराचार के प्रयास के मामले में फंसाने की धमकी दे डाला। इस स्थिति में आप खुद को बुरी तरह से फंसे महसूस करेंगे और इसी का फायदा उठाकर वह तुरंत आपसे पैसों की डिमांड करेगी।
आपके पास से वह सारे पैसे भी ले जाएगी और गले में अगर सोने की चेन है तो वह भी उतरवाकर रफ्ूचक्कर हो जाएगी। पैसा न होने की स्थिति में आप से एटीएम और पिन नंबर लेकर पैसा निकाल कर फरार हो सकती है। यह सब कोई कल्पना नहीं है बल्कि हकीकत है एक पीड़ित की। ऐसा ही एक मामला पुलिस के पास पहुंचा है। इसमें एक स्वयं सेवी संस्था के सदस्य को महिला को कार में लिफ्ट देना महंगा पड़ा।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने कहा कि सुबह करीब 10 बजे वह भट्टाकुफर से कार में कोटखाई जा रहा था। ढली टनल के पास करीब तीस साल की एक महिला ने उसे लिफ्ट लेने के लिए हाथ दिया। मदद के मकसद से उसने कार में महिला को लिफ्ट दे दी। महिला कार की अगली सीट पर बैठ गई और उसने कहा कि उसे रिज जाना है।
ढली चौक पहुंचने पर महिला से कहा कि यहां से आप बस पकड़ लो क्योंकि मुझे कोटखाई जाना है। इस पर महिला ने तेवर कड़े किए और कहा कि चुपचाप आईजीएमसी की ओर चलो नहीं तो अच्छा नहीं होगा। महिला के तेवर देखकर वह डर गया और कार को ढली बाईपास रोड से आईजीएमसी की ओर मोड़ दी। बीच रास्ते में महिला ने कहा कि जितने भी पैसे है निकाल कर दे दो।
इस पर उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं है फिर महिला ने एटीएम मांगा और उसका पिन नंबर ले लिया। आईजीएमसी में डेंटल कॉलेज के बाहर लगे एटीएम के पास गाड़ी रोकने के लिए कहा वहां महिला एटीएम के भीतर गई और पैसा लेकर फुर्र हो गई। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी और पुलिस अधीक्षक के समक्ष मामला ध्यान में लाया। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा कि शिकायत मिली है इसकी छानबीन की जा रही है।