मौसम खुलने के बाद प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। कुल्लू-मनाली सड़क बड़े वाहनों के लिए बंद है। मढ़ी के पास मंगलवार को भूस्खलन से बंद पड़ा मनाली-लेह मार्ग 36 घंटों बाद कुछ देर के लिए खुलने के बाद फिर अवरुद्ध हो गया है।
बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ गया। कुल्लू-मनाली हाईवे तीन और औट-आनी-सैंज पांच दिनों से बड़े वाहनों के लिए बंद है।
भुंतर-मणिकर्ण मार्ग बड़े वाहनों के लिए अवरुद्ध है। सड़कें बंद होने के कारण प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अभी भी बसों समेत सैकड़ों वाहन फंसे हैं। लाहौल से कुल्लू की ओर आ रहे मटर और सब्जियों की गाड़ियों भी दो दिनों से रोहतांग और इसके आसपास फंसी हैं।
आनी के बाड़ी में एक महिला खड्ड पार करते पांव फिसलने से खड्ड में बह गई। महिला का शव करीब दो सौ मीटर दूर मिला। बुधवार को ग्रामीणों ने शव खड्ड में देखा। मृतका की पहचान शीतला देवी (22), पत्नी फकीर चंद, गांव शारंबाग, तहसील करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई।
उधर, कुल्लू के जिया गांव से लापता बच्चे का शव हमीरपुर के सुजानपुर में ब्यास नदी के किनारे मिला है। शव की पहचान परिजनों ने की है। पुलिस बच्चे का डीएनए विश्लेषण करवाएगी। बच्चे का घर ब्यास के पास है। उसके बाढ़ में बहने की आशंका जताई जा रही है।