शहर में मिठाई की दुकानों और ढाबों में लोगों की सेहत के साथ जमकर खिलवाड़ हो रहा है। मंगलवार को निदेशक स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन की टीम ने लोअर बाजार में छापेमारी की तो कई मिठाईयों की दुकानों में रखे गुलाब जामुन से भरे बर्तन में मरे हुए मच्छर और मक्खियां पाई गईं। छापेमारी के बीच मिठाई दुकानदारों द्वारा बरती लापरवाही से अधिकारी भी खफा नजर आए। अधिकारी ने मौके पर ही कई दुकानदारों को फटकार लगाई। छह को लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किए हैं।
मंगलवार दोपहर बाद निदेशक स्वास्थ्य सुरक्षा और विनियमन की टीम लोअर बाजार पहुंची थी। टीम एक-एक करके करीब 14 से 15 दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सामने आया कि अधिकांश हलवाई और ढाबा संचालक नियमों की अवहेलना कर रहे है। मिठाई और ढाबों की दुकानों में खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे। कई ढाबों के बर्तनों की सफाई ठीक नहीं थी। इसके अलावा तीन संचालक को मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं दिखा पाए। संचालकों द्वारा बरती जा रही इस लापरवाही के चलते शहर की जनता की सेहत से जमकर खिलवाड़ हो रहा है। इसके अलावा चाय और पकौड़े की दुकानों में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस मौके पर विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
दुकानदारों को जारी किए हैं नोटिस : मंगला
फूड सेफ्टी ऑफिसर अशोक मंगला ने कहा कि लोअर बाजार में छापेमारी के दौरान मिठाई के बर्तनों में गंदगी पाई गई है। ऐसे करीब छह दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए हैं। अगर इनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो जुर्माना भी वसूला जाएगा। छापेमारी के दौरान अधिकांश ढाबा संचालकों ने खाद्य पदार्थों को खुले में रखा था। इन पर भी कार्रवाई की जा रही है।