उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मास के मेलों के दौरान एक माह में 6.15 करोड़ रुपये के करीब चढ़ावा चढ़ा। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 14 मार्च से चैत्र माह के मेले शुरू हुए थे। अब 14 अप्रैल को ही मेलों का समापन होगा। वहीं, 13 अप्रैल को भी बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इन मेलों के दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया। इस एक माह में करीब नौ लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में अपना शीश नवाया और करोड़ों रुपये चढ़ाए। वहीं, इसके अलावा लाखों रुपये के बकरे भी चढ़ाए गए हैं। कल चैत्र माह मेलों का समापन हो जाएगा। वहीं, एसडीएम बड़सर एवं मंदिर न्यास अध्यक्ष शशि पाल शर्मा ने कहा कि मेलों का विधिवत शुभारंभ हुआ था और विधिवत समापन किया जाएगा।
196 ग्राम 980 मिलीग्राम सोना चढ़ा
मंदिर में 196 ग्राम 980 मिलीग्राम सोना, 2 किलो 884 ग्राम 630 मिलीग्राम चांदी, विदेशी मुद्रा के रूप में इंग्लैंड के 4100 पौंड, अमेरिका के 2985, कनाडा के 9105, ऑस्ट्रेलिया के 3540 डॉलर, 4005 यूरो, यूएई के 1730 दिरम, कतर के 310, सऊदी अरब के 1441, कुवैत के 9, सिंगापुर के 4, ओमान के 5 और न्यूजीलैंड के 2610 रियाल बाबा जी की गुफा में अर्पित किए जा चुके हैं।
बुधवार को चढ़े 28.37 लाख रुपये
बुधवार को बाबा बालक नाथ मंदिर में 28 लाख 37 हजार 389 रुपये के नकद चढ़ावे के रूप में चढ़े। इस दौरान 36 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना, 166 ग्राम 830 मिलीग्राम चांदी, इंग्लैंड के 325 पौंड, अमेरिका के 183, कनाडा के 4225, ऑस्ट्रेलिया के 550 डॉलर, 40 यूरो और न्यूजीलैंड के 50 रियाल चढ़े।