पांचवीं हीरो एमटीबी हिमालय साइकिल रेस के पहले दिन ओपन कैटेगिरी में शिमला के देवेंद्र ठाकुर सबसे आगे रहे। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे वुडविला पैलेस से दो दिवसीय साइकिल रेस शुरू हुई। ब्रिगेडियर एसके लांबा ने फ्लैग आफ करते हुए 105 साइकिलिस्ट रवाना किए।
इस अवसर पर एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी बतौर विशेष अतिथि मौजूद रहे। दो दिन में 120 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। पांच श्रेणियों के बीच मुकाबला हो रहा है। हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (एचएएसटीपीए) रेस का आयोजन कर रहा है।
साइकिल रेस के रवाना होते ही देवेंद्र ठाकुर ने बढ़त बना ली। शाम को रेस खत्म होने तक देवेंद्र ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। स्टूडेंट कैटेगिरी में शिमला के 16 वर्षीय अक्षित गौर पहले दिन सबसे आगे रहे। महिलाओं के वर्ग में जर्मनी की साराह पहले नंबर पर रहीं।
मास्टर सोलो कैटेगिरी में डच साइकिलिस्ट जॉन ने पहला स्थान प्राप्त किया। रेस के पहले दिन वुडविला पैलेस से रिज मैदान, गार्टन कैसल, तारादेवी, शील गांव, आनंदपुर, साधुपुल, जनेड़घाट, दोची और कनेची तक का सफर तय किया गया। शनिवार को कनेची से रेस शुरू होगी।
जनेडघाट से कोटी, मुंडाघाट, चीनी बंगला, संजौली और राजभवन से होते हुए वुडविला पैलेस शिमला में रेस समाप्त होगी। प्रतियोगिता के ओवरआल विजेता को 40 हजार रुपये, पुरुष, महिला वर्ग के विजेता को 25-25 हजार रुपये और स्टूडेंट श्रेणी के विजेता को 20 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
ओलंपिक में जाना चाहता है देवेंद्र
दो बार साइकिल रैली जीत चुके एचपीयू के छात्र देवेंद्र ठाकुर की उम्र 22 साल है। वह चंबा के पांगी निवासी हैं। कुछ साल से शिमला में रह रहे हैं। देवेंद्र माउंटेन बाइकिंग में नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनका सपना है। ओलंपिक्स में भाग लेना चाहते हैं।
सेंट एडवर्ड का स्टूडेंट है अक्षित
सेंट एडवर्ड स्कूल में जमा दो के छात्र अक्षित गौर की उम्र 16 साल है। टुटू में रहने वाले अक्षित दूसरी बार साइकिल रैली में भाग ले रहे हैं। स्टूडेंट कैटेगिरी में पहला स्थान पाना अक्षित का लक्ष्य है।