शिमला। शहर के लोकल रूटों पर चलने वाली निजी बसों के कंडक्टर यात्रियों को टिकट नहीं दे रहे। न ही ड्राइवर कंडक्टर वर्दी पहन रहे। वीरवार को खलीनी के पास नाके के दौरान ट्रैफिक मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के दौरान 10 ऐसी बसें पकड़ीं जिनमें न तो यात्रियों को टिकटें दी थीं और न ही ड्राइवर-कंडक्टर वर्दी में थे। ट्रैफिक मजिस्ट्रेट ने बस के ड्राइवर कंडक्टरों को यातायात नियमों का पालन करने की कड़ी हिदायत भी दी।
खलीनी में लगाए नाके के दौरान ट्रैफिक मजिस्ट्रेट और उनकी टीम ने करीब 400 वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर करीब 90 वाहनों के चालान किए गए। ऐसे वाहन जिनमें एलईडी लाइटें लगाई गई थीं उनसे अतिरिक्त लाइटें उतरवाई गई। व्यावसायिक वाहनों में लगाए प्रेशर हार्न भी हटवाए। निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक भी किया गया।
400 वाहनों का निरीक्षण, 90 के चालान : मेहुल
खलीनी में वाहनों के निरीक्षण के दौरान यात्रियों को टिकट न देने और वर्दी न पहनने वाले करीब 10 लोगों के चालान किए गए। इसके अलावा करीब चार सौ वाहनों का निरीक्षण कर 90 के चालान हुए हैं। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- आर मेहुल शर्मा ट्रैफिक मजिस्ट्रेट शिमला, किन्नौर
वाहनों में नहीं मिली इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट
निरीक्षण के दौरान अधिकतर वाहनों में इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट नहीं मिले। पुराने इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट पर ही वाहन चलाए जा रहे हैं। ट्रैफिक मैजिस्ट्रेट ने वाहन चालकों को तुरंत इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट रिन्यू करवाने के आदेश दिए हैं।