आईएसबीटी में कुछ टैक्सी चालक लोगों से मनमानी वसूली कर रहे हैं। रात के समय बसों से आईएसबीटी पहुंचने वाले लोगों से निर्धारित के मुकाबले दुगना पैसा वसूला जा रहा है।
रात के समय कनलोग के 150 की जगह 350 और बीसीएस के 250 की जगह 500 रुपये वसूले जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने रात आठ बजे के बाद सभी बसें ओल्ड बस स्टैंड लाने के निर्देश जारी किए थे लेकिन बसें आईएसबीटी जा रही हैं और वहां से शहर के उपनगरों में पहुुंचने के लिए लोगों को भारी भरकम टैक्सी किराया खर्च करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टैक्सी चालक रात के समय टैक्सी शेयरिंग भी नहीं करने देते जिसके चलते लोगों को भारी भरकम किराया चुकाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि टैक्सी चालकों की मनमानी पर रोक लगाई जानी चाहिए।
जिला प्रशासन को प्रति किलोमीटर रेट फिक्स करना चाहिए, ताकि ये लूट खसोट बंद हो। साथ ही लोगों ने मांग उठाई है कि रात को आठ बजे के बाद शिमला पहुंचने वाली बसें वाया ओल्ड बस स्टैंड चलाई जानी चाहिए।
टैक्सी यूनियन को जारी होगा नोटिस
टैक्सी यूनियन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। यदि रात के समय यात्रियों से अधिक किराया वसूला जा रहा है तो यह बेहद गंभीर मामला है। लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को भी लिखा जाएगा।
- अशोक शर्मा, आपरेशन मैनेजर, आईएसबीटी