चालडू नालू सैंज बाजार में पांच आरोपियों को पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में नौ आरोपियों को पकड़कर 57.34 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसमें एक मामला ढली क्षेत्र और दो मामले कुमारसैन पुलिस स्टेशन के तहत दर्ज किए गए हैं, इसमें नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पहला मामला ढली पुलिस स्टेशन के तहत पेश आया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम को ढली पुलिस स्टेशन की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर ढली में ही एक घर में दबिश देकर युवक और युवती से 50.340 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान नित्यम धीर निवासी फ्लैट नंबर 2002, तवेर-15, जेपी अमन सेक्टर 151 नोयडा उत्तर प्रदेश और पूर्णिमा लामपग निवासी 32 लुमनोंगग्रिम, री भोई मेघालय के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21,29 के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस साल पुलिस ने जिले में चिट्टे की सबसे बड़ी खेप को बरामद किया है। पकड़े गए नशे की कीमत लाखों में है।
पुलिस अब छानबीन में जुट गई है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे। दूसरा मामला कुमारसैन पुलिस स्टेशन के तहत पेश आया है। यहां पुलिस ने दो युवकों के कब्जे से 2.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपियों की पहचान सचिन श्याम निवासी ननखड़ी और आरुष मेहता निवासी कुमारसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। तीसरा मामला भी कुमारसैन पुलिस स्टेशन के तहत ही आया है।
जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को दोपहर करीब सवा चार बजे पुलिस की टीम चालडू नालू सैंज बाजार के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों के कब्जे से 4.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान मुश्ताक अली निवासी गांव भद्राश रामपुर, मासूम अली निवासी भद्राश रामपुर, रविंद्र कुमार निवासी कुमारसैन, रविंद्र कुमार दत्तनगर तहसील रामपुर और किशन कुमार निवासी कुमारसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने कुमारसैन थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
17 दिन में 23 केस दर्ज, 41 आरोपी धरे
शिमला पुलिस ने नए साल में चिट्टा तस्करों का नेटवर्क तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत 17 दिनों में पुलिस की टीमों ने एनडीपीएस के 23 केस दर्ज किए हैं। इसमें पुलिस ने 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें दूसरे राज्यों के आरोपी भी शामिल हैं। इसमें अधिकतर मामलों की जांच में नशे की सप्लाई पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से लाने की बात सामने आई है। इसमें पुलिस ने ढली, कोटखाई में बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस नशे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, जिससे नशे की सप्लाई पर गहरी चोट की जा सके।
कोट
शिमला पुलिस नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने एक ही दिन में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी मामलों की गहनता से पड़ताल की जा रही है, जिससे नशे के सप्लायरों पर भी शिकंजा कसा जा सके। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
-संजीव कुमार गांधी, एसएसपी शिमला