राज्य बिजली बोर्ड में लंबित करुणामूलक आधार पर नौकरियां देने के मामलों को एक महीने के भीतर निपटा दिया जाएगा। बिजली बोर्ड प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इस फैसले से बोर्ड में नौकरियों के इंतजार में बैठे करीब 700 पात्र आश्रितों को बड़ी राहत मिलेगी।
उधर, बैठक में फैसला लिया गया कि 350 अनुबंध कर्मियों के वेतन में 50 फीसदी बढ़ोतरी के कार्यालय को आदेश दो दिन के भीतर जारी कर दिए जाएंगे। पत्राचार आईटीआई को पदोन्नति देने के आदेश भी दो दिन में हो जाएंगे। करीब 350 वर्कचार्ज कर्मचारियों को नियमित करने और बोर्ड कर्मियों की ग्रेड पे विसंगतियों को दूर करने का फैसला भी बैठक में लिया गया। बैठक में कर्मचारियों से जुड़ी करीब 96 मांगों पर चर्चा हुई।
इंप्लाइज यूनियन के महासचिव हीरालाल वर्मा ने बताया कि प्रबंधक वर्ग ने माना कि बिजली बोर्ड में विभिन्न श्रेणियों के 2644 पदों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसमें 2084 तकनीकी और 560 लिपिक श्रेणी के पद शामिल हैं। आगामी दो महीने के भीतर भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड में वर्कचार्ज प्रथा को प्रदेश सरकार की तर्ज पर खत्म कर सभी वर्कचार्ज कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला लिया गया। बिजली बोर्ड में निम्न स्तर पर भर्ती किए गए करीब एक हजार जूनियर टी-मेट को तकनीकी ट्रेनिंग देने पर सहमति बनी। बर्फीले इलाकों में काम कर रहे कर्मचारियों को स्नो कोट, स्नो जूते और अन्य सामग्री प्रदान की जाएगी।
प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों के कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को विशेष करंट अवरोधक जूते और अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। बिजली बोर्ड में पात्र बेलदारों को सहमति के आधार पर सेवादार और टी-मेट बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट विंग में कर्मचारियों की पदोन्नति पर चल रहे ठहराव को देखते हुए बोर्ड एक कमेटी का गठन करेगा और उसकी सिफारिशों के आधार पर इन कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की जाएगी।
660 तकनीकी कर्मियों के पद सृजित होंगे
शिमला। बिजली बोर्ड के नवनिर्मित सब स्टेशनों और इसकी संचार प्रणाली में 660 तकनीकी कर्मचारियों के पदों को सृजन व भरने के मामले को फिर से प्रदेश सरकार द्वारा गठित सर्विस कमेटी में अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। यूनियन के महासचिव ने बताया कि बोर्ड में लंबित सभी वेतन भत्तों को पंजाब की तर्ज पर संशोधित करने का फैसला भी लिया गया। मामला कैबिनेट में भेजा जाएगा।
11 बजे से शाम सवा पांच बजे तक चली बैठक
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के राज्य पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को बोर्ड प्रबंधन वर्ग के साथ शनिवार सुबह 11 बजे से लेकर शाम सवा पांच बजे तक चली। बोर्ड की ओर से प्रबंध निदेशक पीसी नेगी, निदेशक (परिचालन) आरकेशर्मा, निदेशक (तकनीकी) बीएम सूद और कार्यकारी निदेशक कुमुद सिंह बैठक में मौजूद रहे।