एचआरटीसी ने कई रूटों को किया क्लब, ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रूट प्रभावित होने से झेलनी होगी परेशानी
विज्ञापन
शिमला लोकल डिपो से 26 बसें जाएंगी मंडी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर मंडी में मनाए जाने वाले जश्न के लिए एचआरटीसी जिला शिमला से 50 बसों को भेजेगा। दूरदराज क्षेत्रों में चलने वाली बसों को बुधवार को ही रवाना कर दिया है जबकि कई बसें वीरवार सुबह मंडी और सुंदरनगर के लिए रवाना होंगी।
एचआरटीसी ने बसों की कमी को देखते हुए कई रूटों को क्लब किया है जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों में बसों के रूट प्रभावित होंगे। हालांकि निगम का दावा है कि इस बारे में लोगों को पहले से ही सूचित कर दिया है लेकिन इसके बावजूद वीरवार और शुक्रवार को दो दिन तक जिलेभर में लोगों को बसों की कमी के कारण परिवहन सुविधाओं के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। निगम ने शिमला लोकल डिपो से 26 बसें मंडी भेजने का फैसला लिया है। इसके अलावा ग्रामीण डिपो से 10 बसें और तारादेवी डिपो बसें 10 बसों को मंडी और सुंदरनगर भेजा जाएगा। नेरवा डिपो से चार बसें को मंडी के लिए भेजा है। यह बसें बुधवार को ही नेरवा से शिमला के लिए रवाना हो गई हैं। इसके अलावा शिमला शहर और अन्य डिपो से बसें बुधवार रात को ही मंडी के लिए भेज दी हैं।
विज्ञापन
एचआरटीसी की बसों से शिमला जिले से लाभार्थियों समेत कार्यकर्ता मंडी में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जाएंगे। कई बसों को जिला मंडी में ही कार्यकर्ताओं को रैली स्थल तक पहुंचाने के लिए भेजा है। एचआरटीसी के मुताबिक रैली के बाद वीरवार रात और शुक्रवार सुबह सभी बसें शिमला आ जाएंगी लेकिन सभी रूटों पर सामान्य बसों की सुविधा शनिवार से ही लोगों को मिल पाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहेगी ज्यादा परेशानी
एचआरटीसी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाता है। इन क्षेत्रों में निजी बसों की सुविधा भी काफी कम है। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परिवहन सुविधाओं के अभाव में दो दिन तक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। शिमला शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग हर रोज शिमला के लिए आवाजाही करते हैं, वहीं स्कूलों के विद्यार्थियों, सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को भी बसों की कमी के कारण परेशानी से दो चार होना पड़ेगा।