फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MC Shimla: संजौली में सीनियर सिटीजन क्लब, सामुदायिक केंद्र समेत 44 नक्शों को मंजूरी

Wed, 21 Sep 2022 12:28 PM IST
शिमला ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भवन मालिकों को राहत देते हुए निगम प्रशासन ने इसके मंजूरी पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली की अध्यक्षता वाली हाउस प्लानिंग अप्रूवल कमेटी की बैठक में 50 से अधिक नक्शों को मंजूरी के लिए रखा था।
विज्ञापन
नगर निगम शिमला। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सीनियर सिटीजन क्लब और सामुदायिक केंद्र समेत 44 भवनों के नक्शों को नगर निगम ने मंजूरी दे दी है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भवन मालिकों को राहत देते हुए निगम प्रशासन ने इसके मंजूरी पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली की अध्यक्षता वाली हाउस प्लानिंग अप्रूवल कमेटी की बैठक में 50 से अधिक नक्शों को मंजूरी के लिए रखा था। इनमें 44 को मंजूरी मिली है। इनमें सबसे अहम नक्शा संजौली में बनने वाले दो मंजिला भवन का है। संजौली टैंक के पास बनने वाले इस भवन में सामुदायिक केंद्र और सीनियर सिटीजन क्लब की सुविधा दी जाएगी। लंबे समय से वार्ड के लोग इसकी मांग कर रहे थे।

विज्ञापन


क्लब और सामुदायिक केंद्र खुलने से संजौली, इंजनघर, सांगटी समेत कई वार्डों के लोगों को सुविधा मिलेगी। नगर निगम प्रशासन के अनुसार कुल 44 नक्शों में 26 नए नक्शे हैं। इनमें ढाई मंजिला भवन निर्माण की अनुमति दी गई है। इसके अलावा 18 नक्शे रिवाइज कंपलीशन के हैं। इनमें ज्यादातर भवन मालिकों ने एक मंजिला भवन के ऊपर दूसरी मंजिल बनाने के लिए आवेदन किया था। नगर निगम के आर्किटेक्ट प्लानर देवेंद्र मिस्टा ने बताया कि कुल 44 नक्शों को मंजूरी मिल गई है। संबंधित लोगों को इसके मंजूरी पत्र जारी किए जा रहे हैं।

चुनाव से पहले एक और बैठक बुलाने की तैयारी
विधानसभा चुनाव से पहले नगर निगम एक और बैठक बुलाकर लंबित नक्शों को मंजूरी देने की भी तैयारी कर रहा है। विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में अगले महीने कभी भी आचार संहिता लागू हो सकती है। आचार संहिता के दौरान नगर निगम में नक्शे पास करने की प्रक्रिया भी बंद रहती है। ऐसे में निगम प्रशासन शहरवासियों को राहत देने के लिए एक और बैठक जल्द बुलाने की तैयारी कर रहा है। आवेदनों की सूची तैयार की जा रही है।
विज्ञापन

जल्द निर्माण कार्यों की मिल सकती है मंजूरी

बरसात के चलते शहर में खुदाई के कामों पर लगी रोक हटाने पर भी नगर निगम प्रशासन जल्द फैसला लेने जा रहा है। निगम प्रशासन के अनुसार अब बारिश का दौर लगभग खत्म हो रहा है। कई लोग नगर निगम से काम शुरू करने के लिए आवेदन कर रहे हैं। लेकिन एहतियात के तौर पर अभी खुदाई के कामों पर रोक लगी है। बीते तीन महीने में निगम ने दो सौ से ज्यादा नक्शे पास किए हैं। यह सभी रोक हटने का इंतजार कर रहे हैं। आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें