चिंतपूर्णी-तलवाड़ा रोड पर कालू दी बड़ सत्संग भवन में सेवा कर टैंपो में वापस घर लौट रहे श्रद्धालुओं का टैंपो खाई में गिरने से चार महिलाओं की मौत हो गई। 28 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों की पहचान सुमन देवी, चंचला देवी, सीमा देवी, अनीता देवी निवासी बेहड़ जसवां (ऊना) के रूप में हुई है।
अन्य सभी घायल श्रद्धालु भी बेहड़ जसवां गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के दौरान टैंपो लगभग 20 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार महिला श्रद्धालुओं ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।