सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब परिवारों के बच्चों को अब सरकारी योजनाओं का भी फायदा नहीं मिल रहा। शहर में बीपीएल कार्ड रिन्यू न होने से लोग परेशान हैं। शहर के कई स्कूल इन दिनों गरीब परिवारों के बच्चों से नया बीपीएल कार्ड मांग रहे हैं। इसी आधार पर बच्चों को फीस में राहत और स्कालरशिप जैसी सुविधा दी जाएगी। लेकिन नगर निगम में आने पर जवाब मिल रहा है कि अभी यह कार्ड रिन्यू नहीं होंगे।
बुधवार को भी केंद्रीय विद्यालय जाखू से कुछ अभिभावक अपना बीपीएल कार्ड बनाने निगम कार्यालय पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने कार्ड रिन्यू करने से मना कर दिया। लोग महापौर कुसुम सदरेट के पास पहुंचे। पूछा कि आखिर कार्ड क्यों नहीं बन रहे। बोले कि यदि नया कार्ड नहीं दिया तो उन्हें परेशानी झेलनी पड़ेगी। बीपीएल कार्ड तो बने हैं, लेकिन यह छह महीने पुराने हैं। स्कूल नए कार्ड मांग रहे हैं। मेयर ने संबंधित शाखा से इसकी जानकारी ली तो पता चला कि कार्ड रिन्यू करने का काम आजकल बंद है।
अब स्कूलों को भेजेंगे पत्र
कर्मचारियों ने कहा कि आयुक्त को इस बारे में फाइल भेजी है। स्कूलों को निगम की ओर से पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी जाएगी ताकि स्कूल नए कार्ड न मांगें। महापौर कुसुम सदरेट ने जल्द इस मामले पर फैसला लेने को कहा। मेयर ने कहा कि जल्द गरीब परिवारों को राहत के लिए कोई कदम उठाया जाएगा। बहरहाल, शहर के गरीब परिवारों को कार्ड न बनने और रिन्यू न होने से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। ये निगम के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन यहां भी निराशा ही हाथ लग रही है।