शिमला। कसुम्पटी की जीवणू कॉलोनी के हजारों लोगों को एंबुलेंस रोड देने का मामला फिलहाल लटक गया है। कॉलोनी को बसंत विहार सोसायटी से एंबुलेंस देने की मांग उठी थी लेकिन इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। राज्यपाल के निर्देशों पर नगर निगम ने इस इलाके की डिमार्केशन तो करवा दी लेकिन उस पर अभी आगामी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ऐसे में कॉलोनी के लोगों को अभी रोड के लिए इंतजार करना होगा, साथ ही राजभवन की जमीन पर अतिक्रमण हुआ है या नहीं, निगम इस पर क्या कार्रवाई करेगा, इस पर भी अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। स्थानीय पार्षद राकेश चौहान ने सोसायटी से कॉलोनी के लिए एंबुलेंस रोड देने का मामला उठाया था। सोसायटी कॉलोनी के लिए रोड देने के खिलाफ है। इधर, निगम आयुक्त रोहित जमवाल ने बताया कि रिपोर्ट आ गई है। इसे संयुक्त आयुक्त को सौंपा गया है। जल्द ही इस पर फैसला आएगा।