अमर उजाला ब्यूरो
गगल (कांगड़ा)। क्षेत्र के निकटवर्ती गांव डुगियारी में स्थापित मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जाने वाले रास्ते को प्रशासन ने एसडीएम कांगड़ा धर्मेश रमोत्रा, डीएसपी संजीव चौहान और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विरोध कर रहे ग्रामीणों के साथ लगभग 6 घंटे तक चली बातचीत के बाद कड़ी मशक्कत के बाद सहमति होने पर जेसीबी लगवा कर खुलवा दिया है।
जानकारी अनुसार स्थानीय लोगों को प्रशासन की इस कार्रवाई की पहले ही भनक लग गई थी, जिसके चलते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण रास्ते को खोलने के विरोध में मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने भी किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की दो बटालियनों को वहां पर तैनात कर दिया। इसके बाद एसडीएम कांगड़ा ने मौके पर पहुंच कर लोगों से बात की और उच्च न्यायालय के फैसले से अवगत करवाया। उन्होंने लोगों को कानून को अपने हाथ में न लेने की नसीहत दी। इसके बाद विरोध कर रहे लोगों को शांत करते हुए एसडीएम ने उन्हें अपनी लड़ाई कानून के अनुसार लड़ने के लिए कहा। काबिलेजिक्र है कि इससे पहले भी स्थानीय लोग लगातार इस बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का विरोध करते आ रहे हैं।
जून में बंद किया था रास्ता
इस वर्ष जून महीने में स्थानीय लोगों ने प्लांट के विरोध में इकट्ठे होकर प्लांट की तरफ जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद कर दिया था। इस पर चल रही कार्यवाही के अंतर्गत उच्च न्यायालय ने प्रशासन को इस रास्ते को खुलवाने के आदेश दिए थे।