हिमाचल में दस रुपये के सिल्वर कार्ड पर अब निर्धारित से 30 फीसदी कम किराया लगेगा। एचआरटीसी ने 119 रूटों पर सिल्वर कार्ड योजना को लांच कर दिया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने यह जानकारी राज्य सचिवालय में पत्रकार वार्ता में दी। बाली ने कहा कि यह सुविधा मंडी मंडल के 15, धर्मशाला मंडल के 51, हमीरपुर मंडल के 23 और शिमला मंडल के 30 रूटों पर मिलेगी। दस रुपये में खरीदा गया सिल्वर कार्ड एक साल के लिए मान्य होगा। कहा कि ये सिल्वर कार्ड सिर्फ ऐसे रूटों पर ही दिए जा रहे हैं, जिनमें एचआरटीसी को प्रतिस्पर्धा की जरूरत है।
20 साल की सेवाएं पूरा करने वाले कंडक्टरों को अतिरिक्त इंक्रीमेंट- बाली ने कहा कि 20 साल की सेवा पूरा कर चुके कंडक्टरों को दो अतिरिक्त इंक्रीमेंट दी जाएगी। इसके अलावा लीव एन्कैशमेंट, ग्रेच्युटी और पेंशन के लिए भी 20 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। 30 करोड़ रुपये जल्दी जारी किए जाएंगे। इससे वर्ष 2013 के बाद के पेंशन के मामले जल्दी क्लीयर हो जाएंगे। मंत्री ने कहा कि 20 दिन में 10 नई वोल्वो बसें शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
महिला ड्राइवरों की भर्ती करेगी सरकार
हिम अन्नपूर्णा योजना के तहत मंडी, धर्मशाला, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर एवं पालमपुर बस अड्डों पर पायलट आधार पर प्रतियोगी कीमतों पर खाना दिया जा रहा है। यह खाना 35 रुपये प्रति प्लेट के हिसाब से दिया जाएगा।
बाली ने कहा कि सरकार महिला ड्राइवरों की भर्ती करेगी। महिलाओं का चालकों के रूप में चयन कर उन्हें छोटी बसों को चलाने को दिया जाएगा। जल्द पद विज्ञापित किए जाएंगे। महिलाओं को पूरे प्रदेश में मौका देंगे। रोहतांग और अन्य क्षेत्रों में 20 इलेक्ट्रिक और दो सीएनजी बसें चलेंगी। इन्हें खरीदने की कवायद चल रही है।
वर्दी खरीद की प्रक्रिया पूरा होने वाली
स्कूलों के बच्चों के लिए वर्दी खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। निगम खरीदार एजेंसी है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, वर्दी की खरीद कर ली जाएगी। यह प्रक्रिया लगभग पूरा होने वाली है। हिमाचल में चार नए गोदाम बनाए जाएंगे। अगले महीने के पहले सप्ताह में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के सभी गोदाम ऑनलाइन होंगे।
छात्र कल्याण फंड का मामला कैबिनेट में जाएगा- मंत्री जीएस बाली ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग का छात्र कल्याण फंड का मामला कैबिनेट में जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग में कर्मचारियों के नियमितीकरण पर भी विचार हो रहा है।
‘अमर उजाला’ से पता चला नगर निगम बना धर्मशाला: बाली
धर्मशाला को नगर निगम बनाने के मंत्रिमंडल के फैसले पर कांगड़ा जिले के प्रमुख नेता एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली बोले कि जब यह निर्णय हुआ तो वह विदेश में थे, उन्हें तो यह जानकारी ‘अमर उजाला’ पढ़ने के बाद ही मिली। बाली ने यह बात पत्रकार वार्ता में एक सवाल के जवाब में कही। हालांकि, यह भी कहा कि यह एक अच्छा फैसला है। इससे कांगड़ा जिले को लाभ होगा। कहा कि पालमपुर को भी नगर निगम का दर्जा दिया जा सकता है। यह भी एक अच्छा शहर बन चुका है।
कैबिनेट मंत्रियों ने बाई सर्कुलेशन नगर निगम धर्मशाला के फैसले की फाइल पर हस्ताक्षर किए। क्या आपने हस्ताक्षर किए? इस पर बाली बोले कि वह विदेश में थे। उन्हें तो बाद में ही मालूम हुआ। यह मालूम रहे कि नगर निगम धर्मशाला पर यह फैसला शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के खास प्रयासों से हुआ माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस निर्णय से सुधीर शर्मा का राजनीतिक कद बढ़ सकता है।