वहीं ऊना जिले के विस क्षेत्र गगरेट से दो मई को जम्मू गए निजी मार्केटिंग कंपनी के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने से गगरेट क्षेत्र पर भी खतरा मंडरा रहा है। जिस भवन में वह रहता है, उसमें लगभग छहदर्जन लोग रहते थे। इनमें से 30 लोगों को दो मई को बसों से जम्मू भेज दिया था। अभी भी बिल्डिंग में 38 लोग रह रहे हैं। इनके सैंपल भी स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को ले लिए हैं। एसडीएम गगरेट विनय मोदी ने एहतियात बरतते हुए रविवार तक बाजार बंद करने के आदेश दे दिए हैं।
एसडीएम ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि जो युवक के संपर्क में आए हैं, वे स्वयं आगे आकर अपने टेस्ट करवाकर प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि लोगों के सैंपल लेने की प्रक्रिया जारी है। बीएमओ गगरेट संजीव वर्मा ने कहा कि गगरेट में बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों के सैंपल ले लिए हैं। अब इनकी रिपोट का इंतजार है। गगरेट सहायक अभियंता राजीव ठाकुर ने कहा कि गगरेट नगर पंचायत ने बाजार सहित सील की बिल्डिंग को भी सैनिटाइज कर दिया है। एसडीएम गगरेट विनय मोदी ने कहा कि जम्मू गए युवक के पॉजिटिव आने के बाद अब उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी तहकीकात की जा रही है।