पराली बदरुनी में उपप्रधान पद के लिए होगा चुनाव संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें एक उपप्रधान पद और 12 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव होगा।
नामांकन के पहले दिन बुधवार को 3 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। इसमें मशोबरा खंड की पगोग पंचायत के वार्ड 5-बुखारी, कुपवी खंड के नौरा बौरा पंचायत के वार्ड 3, बौरा-2 और रोहड़ू खंड के कुठाड़ी पंचायत के वार्ड 3 खलगर में वार्ड सदस्य के लिए एक-एक नामांकन भरा गया है। उम्मीदवार 13 सितंबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 16 को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 18 को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 29 सितंबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा। उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गणना मतदान के बाद पंचायत मुख्यालय पर होगी।
विज्ञापन
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अनुपम कश्यप ने बताया कि विकास खंड कोटखाई के पराली बदरुनी पंचायत में उपप्रधान पद के लिए चुनाव होगा। मशोबरा खंड के मैहली पंचायत के वार्ड 4-गुसान, चेड़ी पंचायत के वार्ड 4-क्याकोटी, कुफरी श्वाह पंचायत के वार्ड 2-घरेच के लिए चुनाव होगा। इसी तरह जुब्बल खंड के रावीं के पंचायत के वार्ड 3-घुनसा राविंकुपर, रोहड़ू खंड के कुठाड़ी पंचायत के वार्ड-5 जारला और बसंतपुर खंड की बंसतपुर पंचायत के वार्ड 3-मंडयालू और भराड़ा पंचायत के वार्ड 4-जैशी-2, नारकंडा खंड के कोटगढ़ पंचायत के वार्ड 5-भरेड़ी और ननखड़ी खंड के बड़ाच पंचायत में वार्ड नंबर-4 बरकेली में वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव होगा।