हिमाचल के जिला चंबा में वनरक्षक के लिए भारी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। मात्र पांच पदों के लिए करीब अढ़ाई हजार आवेदन पहुंचे हैं। इससे पता चलता है कि बेरोजगारों युवाओं की फौज खड़ी है। पांच वन रक्षकों की तैनाती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। गैर जनजातीय पंचायतों के युवाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि एक जुलाई थी।
जनजातीय पंचायतों के युवाओं को ऑफलाइन आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। एक ही अभ्यर्थी ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन दोनों करता है तो उसका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों के लिए अभी आवेदन प्रक्रिया चल रही है।
ऐसे में आवेदन प्रक्रिया तीन हजार के पार भी हो सकती है। अरण्यपाल चंबा अनिल शर्मा ने बताया कि करीब अढ़ाई हजार युवाओं ने अब तक आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि इसमें ऑफलाइन और ऑनलाइन आवेदन दोनों आंकड़े शामिल हैं। कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के युवा 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।