ऊना में होगी फेंसिंग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले शिमला के 24 खिलाड़ी अब ऊना में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला शिमला के खिलाड़ियों का दल शनिवार को रवाना हो गया।
चयनित खिलाड़ियों में 12 लड़के और 12 लड़कियां शामिल हैं जो प्रतियोगिता में जिला शिमला का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जानकारी जिला फेंसिंग एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष एवं इंजनघर वार्ड के पार्षद अंकुश वर्मा ने दी। बागी-रत्नाड़ी में हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर 24 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया है। अंकुश वर्मा ने बताया कि जिला में पहली बार इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। खिलाड़ियों को इस खेल में आगे बढ़ने के अवसर देने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह ऊना में होने वाली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल करेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल का नाम रोशन करेंगे। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।