तीन साल से एक ही जगह पर तैनात पुलिस वालों पर तबादले की गाज गिरना शुरू हो गई है। इंस्पेक्टर से कांस्टेबल तक इसकी जद्द में आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बरसों से एक ही सीट पर डटे पंद्रह कर्मचारियों को बदल दिया गया है।
थानों और चौकियों में तीन साल से सेवाएं दे रहे सभी सब इंस्पेक्टर, एएसआई और हेडकांस्टेबल के तबादले कर दिए गए हैं। इनके अलावा वीरवार को 130 कांस्टेबलों को जिले के थाने-चौकियों में बदला गया है।
कुल 210 के तबादले हुए हैं। जिले में 16 थाने और 22 पुलिस चौकियां हैं। पुलिस महकमे में कर्मचारियों की कमी नहीं है लेकिन कई पुलिस वाले सालों से एक ही जगह पर डटे हुए थे। जब भी इन्हें बदलने की कोशिश की जाती तो तबादला रद्द कराने के लिए सिफारिश से दबाव डलवाते थे।
कई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के बारे में शिकायतें भी मिली हैं। पुलिस महकमे का मानना है कि नई जगह पर जाने से काम में पारदर्शिता बनी रहती है। यह रूटीन तबादले किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि जिन पुलिस कर्मचारियों को एक ही जगह पर तीन साल से अधिक का समय हुआ चुका है, उनके तबादले किए जा रहे हैं। इनमें इंस्पेक्टर से कांस्टेबल तक शामिल हैं।