नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन में एक साथ 21 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें रिगली कंपनी के 15 लोग पॉजिटिव आए हैं जबकि 45 लोगों के सैंपलों की जांच होना शेष है। नालागढ़ के भाटियां स्थित सारा टेक्सटाइल उद्योग के आदर्श कॉलोनी दत्तोवाल में रहने वाले चार और लोग पॉजिटिव आए हैं। बद्दी के समीप बिलांवाली में भी दो और लोग संक्रमित पाए गए हैं।
इन 21 नए मामलों के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 200 पार कर गया है। कुल 209 मामले प्रकाश में आ चुके हैं। सारा टेक्सटाइल उद्योग के क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में रह रहे कामगारों की तलाश कर करीब 200 लोगों को प्रशासल ने नालागढ़ कॉलेज में बनाए संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में रखा है जिनके स्वास्थ्य विभाग सैंपल लेगा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने 21 नए पॉजिटिव मामले आने की पुष्टि कर बताया कि जिले में 209 मामले कोविड के आ चुके हैं।