अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम के एक हजार से अधिक कर्मचारियों को अब दफ्तर आकर मशीन से हाजिरी लगाना अनिवार्य होगा। निगम प्रशासन अगले माह से सभी नियमित कर्मचारियों के लिए मशीन से हाजिरी की व्यवस्था करने जा रहा है।
केंद्र सरकार के आधार इनेबल्ड बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के तहत सभी कर्मचारियों को हाजिरी लगाना अनिवार्य किया जा रहा है। इसके तहत जलशाखा, सड़क एवं भवन निर्माण समेत फील्ड स्टाफ के उन सभी नियमित कर्मचारियों को भी दफ्तर आना होगा जो अब तक महज रजिस्टर पर हाजिरी लगवाते थे। इन्हें सुबह आते वक्त और शाम को जाते समय हाजिरी लगानी पड़ेगी। कर्मचारियों का फरलू रोकने के लिए निगम प्रशासन इसे अनिवार्य करने जा रहा है। नगर निगम में पहले से बायोमीट्रिक के जरिये हाजिरी लगाने की मशीनें लगी हैं। लेकिन फील्ड स्टाफ तो दूर दफ्तर आने वाले सभी कर्मचारी भी इससे हाजिरी नहीं लगवाते।
वहीं, फील्ड स्टाफ के ज्यादातर कर्मचारियों के आने और जाने का निगम के पास पुख्ता रिकॉर्ड नहीं रहता। निगम प्रशासन के अनुसार कई कर्मचारी सुबह समय पर दफ्तर नहीं पहुंचते तो कई दिन में ही छुट्टी कर चले जाते हैं। मशीन से हाजिरी लगने पर ये कर्मचारी फरलू नहीं मार सकेंगे।
---
इन शाखाओं में मिलेगी हाजिरी की सुविधा
नगर निगम के मुख्य कार्यालय के अलावा कर्मचारी संपदा शाखा और एपी ब्रांच में जाकर हाजिरी लगा सकते हैं। इसके अलावा निगम लिफ्ट स्थित टैक्स शाखा और सब्जी मंडी स्थित वीपीएचओ दफ्तर में भी इन मशीनों की सुविधा दी जाएगी।
---
दूसरे चरण में सभी कर्मचारी आएंगे दायरे में
पहले चरण में निगम प्रशासन सिर्फ नियमित कर्मचारियों को मशीन से हाजिरी लगाना अनिवार्य करेगा। इसके बाद निगम में मजदूर, दैनिक भोगी के तौर पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
---
क्या कहते हैं आयुक्त
अगले माह से सभी कर्मचारियों को मशीन से हाजिरी लगाना जरूरी होगा। इसकी व्यवस्था तैयार की जा रही है। सभी कर्मचारियों के लिए यह अनिवार्य किया जाएगा।
रोहित जमवाल, नगर निगम आयुक्त