प्रदेश में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए अब वन्य जीव विभाग डॉक्यूमेंटरी तैयार करने में जुट गया है। विभाग ने आठ मिनट का वीडियो तैयार किया है। पहले चरण में इस वीडियो में वन्य जीव मंडल ने कांगड़ा जिला के पौंग डैम, बाथू मंदिर, प्रवासी परिंदों, सेंक्चुरी एरिया, धौलाधार और चिड़ियाघर को शामिल किया है।
वीडियो का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह वीडियो पर्यटकों को आकर्षित करने का कार्य करेगी। वन्य जीव मंडल ने यह वीडियो एक माह में तैयार किया है। वन्य जीव मंडल हमीरपुर का यह पहला कदम है।
इसके बाद वन्य जीव मंडल ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में ऐतिहासिक स्थलों व जंगल में पाई जाने वाली वनस्पति के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाएगा। वन्य जीव विभाग की वीडियोग्राफी से पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे।
इस संबंध में वन्य प्राणी मंडल हमीरपुर के डीएफओ कृष्ण कुमार का कहना है कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह डॉक्यूमेंटरी तैयार की है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में खासकर कांगड़ा जिला के ऐतिहासिक स्थानों को दिखाया गया है।
यह प्रयास सैलानियों को रिझाने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आगे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर के जंगलों के ऊपर पर इस पर कार्य किया जाएगा। वीडियो को फेसबुक पर काफी पसंद किया जा रहा है और काफी शेयर किया जा रहा है।