हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के सब डिवीजन सतौन और शिलाई की 50 पंचायतों में 12 घंटे तक ब्लैक आउट रहा। यहां शुक्रवार शाम पांच बजे से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जो शनिवार सुबह करीब पांच बजे के बाद ही बहाल हुई। इस दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली की आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र की 50 पंचायतों के 200 गांव पूरी तरह से अंधेरे में डूबे रहे।
बताया जा रहा है कि राजबन के समीप बिजली की मुख्य लाइन की तार टूटने से सब डिवीजन सतौन और शिलाई की बिजली गुल हो गई जिस कारण सतौन और शिलाई सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाली सतौन, पोका, मालगी, कठवार, चांदनी, कोडगा, सखौली, कांटी मशवा, बड़वास, कमरऊ, शमाह, शावगा, दुगाना, बोकाला पाब, टटियाना, शिल्ला, ठोंठा जाखल, मस्तभोज क्षेत्र सहित करीब 50 पंचायतों में बत्ती गुल हो गई।
इन पंचायतों के ग्रामीण रात भर गर्मी से परेशान रहे। लोग देर रात तक अपनी छतों पर टहलते रहे। शाम पांच बजे बिजली की आपूर्ति ठप हो जाने से ग्रामीणों को रात का भोजन पकाने और शाम के काम निपटाने में भी भारी परेशानी हुई। वहीं, उमस और गर्मी के कारण उनकी परेशानी कई गुणा बढ़ गई। गर्मी और उमस से परेशान लोग अपनी छतों पर टहलने को विवश हो गए। इस दौरान ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष देखा गया।
लोगों ने सोशल मीडिया पर बिजली विभाग के प्रति जमकर भड़ास निकाली। हालांकि बिजली बोर्ड के कर्मचारी रात भर बिजली की आपूर्ति सुचारु करने के लिए लाइन जोड़ने में लगे रहे। सुबह पांच बजे के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो जाने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब रहे कि ग्रामीण क्षेत्र के लोग बिजली जाने को लेकर खासे परेशान हैं। यहां एक बार बिजली चली जाए तो घंटो तक बिजली नहीं आती।
विद्युत उपमंडल सतौन के कनिष्ठ अभियंता गुरुदत्त चौहान ने बताया कि राजबन के समीप बिजली की मुख्य लाइन की तार टूट गई थी जिस कारण बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। उन्होंने बताया कि सुबह तार को ठीक कर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई।