करीब दस किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद यह दल भैरोघाटी में पहुंचा ही था कि अचानक ग्लेशियर की चपेट में आने से दो साथी गहरी खाई में लुढ़क गए।
- फोटो : Demo Pic
शिवरात्रि पर मणिमहेश झील के दर्शन का हठ पांच युवकों को महंगा पड़ गया है। बिना किसी पूर्व सूचना के यात्रा पर निकले पांच सदस्यीय दल के दो सदस्य भैरोघाटी में ग्लेशियर की चपेट में आने से लापता हो गए हैं। लापता दोनों युवकों की पहचान विवेक उर्फ बैरी पुत्र राकेश कुमार निवासी भदरोता डलहौजी और विकास गुप्ता पुत्र सतीश गुप्ता निवासी बनीखेत के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार इस पांच सदस्यीय दल में विवेक और विकास के अलावा अमित महाजन पुत्र सुशील महाजन निवासी बनीखेत, नूतन लाल पुत्र लाल चंद निवासी तीसा और ओम प्रकाश पुत्र माधो राम एनएचपीसी कॉलोनी बनीखेत शामिल थे। यह दल हड़सर से सोमवार सुबह मणिमहेश पर्वत की ओर निकले।
करीब दस किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद यह दल भैरोघाटी में पहुंचा ही था कि अचानक ग्लेशियर की चपेट में आने से दो साथी गहरी खाई में लुढ़क गए। मौसम खराब होने और मौके पर भारी बर्फबारी शुरू होने की वजह से बाकी तीन सदस्यों ने जान बचाने में ही बेहतरी समझी और वे वहां से नीचे उतर आए। देर शाम हड़सर पहुंचे तीनों युवकों ने आपबीती स्थानीय लोगों को सुनाई और उसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को हादसे की सूचना दी।