प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में पड़ोसी राज्यों में छुट्टियों के चलते इन दिनों खासी रौनक है। जून महीने के 23 दिनों में अभी तक माता के दरबार में 2.05 करोड़ रुपये का चढ़ावा चढ़ाया जा चुका है। रोजाना मां के दरबार में हजारों श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट रोजाना सुबह 4:00 बजे खोले जा रहे हैं। मंदिर खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ मां के दरबार में जुटना शुरू हो जा रही है। दरअसल, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के स्कूलों में इन दिनों बच्चों की छुट्टियां हैं। इसके चलते काफी ज्यादा संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु हिमाचल आ रहे हैं। इन दिनों रोजाना 8,000 से 12,000 श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार हाजिरी लगा रहे हैं।
एक से 23 जून तक मंदिर न्यास को 2.05 करोड़ रुपये का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। इस दौरान मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह खुद मंदिर की सारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों को भी मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उधर, मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि छुट्टियों के चलते माता के दरबार में श्रद्धालुओं की काफी ज्यादा भीड़ है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए हैं। श्रद्धालु दिल खोलकर मां के चरणों में चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। इस चढ़ावे को सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों पर खर्च किया जाता है।