स्कूल को ‘पोल्ट्री फार्म’ बनाने में हेडमास्टर समेत दो सस्पेंड
रामपुर। स्कूल में मुर्गी पालन और उपले मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन की सख्ती के बाद बीएससए ने हेडमास्टर समेत दो शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है साथ ही सैदनगर क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए हैं। बीएसए ने साफ किया है कि यदि कहीं भी स्कूल भवन पर इस तरह का कब्जा मिलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी को चेतावनी जारी की है।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केद्रों पर अवैध कब्जे हुए हैं। कहीं मुर्गी पालन तो कहीं भैंस पालन हो रहा है। इस तरह की शिकायते पहले भी मिलती रही हैं,लेकिन पिछले दिनों सीडीओ के निरीक्षण में इस तरह की तस्वीर सामने आई थी,जिस पर डीएम ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए ऐसे भवनों को कब्जा मुक्त कराने के आदेश जारी किए थे। इसके लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं। डीएम की सख्ती के बाद बेसिक शिक्षा विभाग भी एक्टिव हो गयाहै। बीएसए का चार्ज संभालने के बाद सर्वदानंद ने सीडीओ की रिपोर्ट को संज्ञान में लिया है। बीएसए ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सैदनगर क्षेत्र के दर्शनपुर गांव के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। बीएसए ने दर्शनपुर प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रयाग कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय दर्शनपुर के शिक्षक फरियाद अली को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा उन्होंने सैदनगर के खंड शिक्षाधिकारी शाहिद हुसैन को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी है। इसके अलावा गांव की प्रधान खमानी बेगम के खिलाफ भी कार्रवाई करने की संस्तुति डीपीआरओ से की है। बीएसए ने बताया कि सभी शिक्षक व खंड शिक्षाधिकारी अपने स्कूलों की हालत को सुधार लें। किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।