शिमला। टूरिस्ट सीजन के दौरान प्राइवेट गाड़ियों का बतौर टैक्सी संचालन करने वालों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। परिवहन मुख्यालय के निरीक्षण दस्ते ने शोघी के पास नाका लगाकर निजी गाड़ियों में सैलानियों को लाने ले जाने वालों के चालान भी काटे। निरीक्षण के दौरान करीब 74 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 26 वाहनों के चालान कर विभाग ने 24 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
निजी वाहन चालक सरकार को राजस्व के रूप में टैक्स अदा न कर गाड़ियों को बतौर टैक्सी चला रहे हैं। इसे लेकर शहर के टैक्सी ऑपरेटरों ने भी कई बार परिवहन विभाग के अधिकारियों को शिकायतें की हैं। टूरिस्ट सीजन के दौरान एकाएक अवैध टैक्सियों का संचालन बढ़ गया है। परिवहन विभाग ने नियमों को ताक पर रखने वालों के लिए खिलाफ विशेष अभियान के तहत सख्ती शुरू कर दी है। शोघी में लगाए नाके के दौरान ऐसी गाड़ियां भी पकड़ी गईं जो कंपोजिट फीस चुकाए बिना चल रही थीं। इन गाड़ियों में बाहरी राज्यों से सैलानियों को शिमला की ओर लाया जा रहा था। परिवहन विभाग की टीम ने ऐसी गाड़ियों के भी चालान किए हैं। परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर तपेश शर्मा, दीवान ठाकुर और राजकुमार ने यह कार्रवाई की। परिवहन विभाग के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी फ्लाइंग स्क्वैड हेमिस नेगी ने बताया कि शिमला के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी निरीक्षण दस्तों को भेजकर वाहनों की जांच की जाएगी।