शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बाद आईजीएमसी की आरडीए ने बुधवार तक हड़ताल स्थगित कर दी है। अस्पताल में अब बुधवार को जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर काम करेंगे। इससे मरीजों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
आईजीएमसी आरडीए अध्यक्ष डॉ. अजय जरयाल ने बताया कि बुधवार को आईजीएमसी आरडीए, एचएमओए और टांडा मेडिकल कॉलेज के पदाधिकारी विधानसभा में सीएम जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार और स्वास्थ्य सचिव के साथ बैठक करेंगे। बताया कि शाम पांच बजे के करीब बैठक होगी। इसमें बैंक गारंटी को खत्म करने, एमडी करने के बाद संबंधित डॉक्टर को कॉलेज में पांच साल तक सेवा देने की शर्त एक साल करने, मानदेय 35 से बढ़ाकर 50 हजार करने की मांग की जाएगी। अध्यक्ष ने चेताया है कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वीरवार से पूरा दिनभर हड़ताल रहेगी।
इससे पूर्व आरडीए अध्यक्ष डॉ. अजय जरयाल ने जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ कमरा नंबर 601 में बैठक की। बैठक में सभी चिकित्सकों ने फैसला लिया था कि अगर सरकार का रवैया सकारात्मक रहा तो वह दो चार दिन रुकेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो हड़ताल जारी रहेगी। लेकिन देर शाम मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद चिकित्सकों ने हड़ताल को टाल दिया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. दीपक कैंथला, उपाध्यक्ष नितेश कंवर, डॉ. जयंत ठाकुर, महासचिव डॉ. भारतेंदु, सहसचिव मंजीत सहगल, डॉ. इशांत, डॉ. शिखा भाटिया, प्रेस सचिव दलीप शर्मा और कोषाध्यक्ष डॉ. बाबू राम शामिल रहे।