टाहलीवाल (ऊना)। हरोली पुलिस ने दो अलग-अलग जगह 18.07 ग्राम चिट्टे के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया। चारों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पहले मामले में एसएचओ हरोली मनोज कौंडल ने माइनिंग चेक पोस्ट बाथड़ी के पास नाका लगाया था। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक पंजाब से बाथड़ी आ रहे थे। युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 14.10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान साहिल कुमार और शमशेर सिंह निवासी नंगल जिला रूपनगर पंजाब के रूप में हुई। दूसरा मामले में टाहलीवाल-संतोषगढ़ मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 3.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान सुरिंदर सिंह 22 वर्ष निवासी गांव भंगला तहसील नंगल जिला रूपनगर पंजाब व बलबीर सिंह पुत्र सतनाम सिंह 30 गांव खेड़ा तहसील नंगल जिला रूपनगर पंजाब के रूप में हुई है।
एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।