अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
शहर के सबसे व्यस्ततम सर्कुलर रोड को खलीणी-आईएसबीटी बाईपास से जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग अब और चौड़े किए जाएंगे। इससे जहां सर्कुलर रोड पर यातायात कम होगा बल्कि लोगों का सफर भी डेढ़ किमी तक घट जाएगा।
नगर निगम 103 टनल से टूटीकंडी जाने वाली सड़क को खोलने जा रहा है। अभी यह सड़क काफी तंग है और पासिंग प्वाइंट भी कम हैं। इसके चलते कम ही गाड़ियां यहां से आईएसबीटी जाती हैं। इस सड़क को चौड़ा करने और पासिंग प्वाइंट पर 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ी होने से छोटी गाड़ियां आसानी से 103 टनल से ही टूटीकंडी आईएसबीटी के लिए रवाना हो सकेंगी। इन्हें वाया टूटीकंडी क्रांसिंग होते हुए जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वैकल्पिक सड़क करीब 900 मीटर लंबी है जबकि 103 टनल से वाया क्रॉसिंग होते हुए टूटीकंडी पहुंचने के लिए करीब सवा दो किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। नई सड़क से यह सफर एक किमी से भी कम रह जाएगा।
...
बस लायक बनेगी कनलोग-बैमलोई सड़क
बैमलोई से कनलोग बाईपास को जोड़ने वाली सड़क को भी चौड़ा किया जा रहा है। इसका काम भी शुरू हो गया है। बैमलोई से कनलोग मार्ग को खोलने के लिए 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में इस रोड से गाड़ियां चलती हैं लेकिन सीपीआरआई और कनलोग के पास कई ऐसे मोड़ हैं जहां सड़क काफी तंग है। छोटी गाड़ियां भी क्रॉस नहीं हो पातीं। अब इन तंग मोड़ों को चौड़ा किया जाएगा। इसमें दो जगह पेड़ भी हैं जिन्हें हटाने के लिए वन विभाग से अनुमति ली जा रही है। सड़क चौड़ी होने से इस मार्ग पर गाड़ियां नहीं फंसेंगी। जरूरत पड़ने पर बसें भी वन-वे कर चलाई जा सकेंगी। साथ ही यदि सर्कुलर रोड पर जाम लगता है तो इस मार्ग से लोग आसानी से बाईपास पहुंच सकते हैं।
.....
कार्य कर दिया है शुरू
शहर के लिए दोनों वैकल्पिक मार्ग काफी अहम हैं। इनके चौड़ा होने से छोटी गाड़ियों की आवाजाही बढ़ जाएगी जिससे सर्कुलर रोड पर जाम कम लगेगा। दोनों मार्गों पर काम शुरू कर दिया गया है।
-सुधीर गुप्ता, अधिशासी अभियंता, नगर निगम