जिज्जर में 25 वर्षीय युवक का शव खड्ड से बरामद
वहीं अंब उपमंडल के गांव जिज्जर में एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में स्थानीय खड्ड से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान जिज्जर लोहारा निवासी प्रवीण कुमार पुत्र जोगिंद्र पाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवीण सोमवार को अपने घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि रात लगभग 10 बजे प्रवीण की अपनी माता से फोन पर बात हुई थी और उसने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। जब वह पूरी रात घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह एक स्थानीय युवक ने प्रवीण को खड्ड में औंधे मुंह बेसुध पड़ा हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। जहां तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।