शिमला। भारत विकास परिषद ने भारत को जानो प्रश्नोत्तरी करवाई। रविवार को निगम बिहार में इस प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस प्रश्नोत्तरी में सीनियर वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर हिम रश्मि की छात्रा चंचल शर्मा और संदीप नेगी की टीम ने पहला स्थान पाया। वहीं सोलन के सीनियर सेकेंडरी स्कूल टीम में शामिल रितु और पूनम की जोड़ी दूसरे और बीजेकेएमएसएस पांवटा साहिब स्कूल की विधि कंबोज और हिमानी की टीम ने तीसरा स्थान पाया।
इस प्रतियोगिता को जिला सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, सिरमौर और शिमला में आयोजित किया गया। इसमें जूनियर लेवल में छठी से आठवीं कक्षा तक कुल छह टीमों ने भाग लिया था, वहीं सीनियर वर्ग 9वीं से बारहवीं कक्षा तक में कुल सात टीम ने भाग लिया था। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए हुए सम्मान समारोह में निदेशक एसजेवीएन नंद लाल शर्मा बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। इस मौके पर भारत को जानो संस्था के क्षेत्रीय सचिव राकेश सचदेवा भी मौजूद रहे।
जूनियर वर्ग की हुई प्रश्नोत्तरी में बीजेकेएमएसएस पांवटा साहिब की प्रिया और अभिषेक की जोड़ी ने पहला, डीएवी न्यू शिमला के उत्कर्ष मेहता और सुकृति राना ने दूसरा स्थान पाया। इस वर्ग में तीसरा पुरस्कार संयुक्त रूप से परवाणू के पराथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की प्रतिभा शर्मा, विशाखा शर्मा और मॉडल पब्लिक हाई स्कूल की रशिका नेगी और रतिका को दिया गया। राकेश शर्मा ने कहा कि दोनों वर्ग की विजेता टीमें क्षेत्रीय स्तर की भारत को जानो प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लेगी। सम्मान समारोह में भारत विकास परिषद के राज्य अध्यक्ष सलिल शमशेरी, रशमेश सिपहिया, राज्य समन्वयक धीरज गुप्ता, रवि उप्पल, विनीत सेन, सन्नी सराफ और अरुण शर्मा के अलावा बीएम शर्मा, सुफल सूद आदि भी मौजूद रहे।