कुनिहार (सोलन)। अर्की थाना के तहत सेरी गांव में पुलिस ने एक बाल विवाह रूकवाने में सफलता हासिल की है। पुलिस को सूचना मिली कि गांव में नाबालिग की शादी करवाई जा रही है। सूचना के आधार पुलिस मौके पर शादी से कुछ समय पहले ही पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने युवती के प्रमाणपत्रों की जांच की जिसमें उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इस आधार पर शादी को रोक दिया गया और दुल्हन पक्ष को उम्र से जुड़े अन्य पुख्ता दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे को नामजद किया है। यह मामला नाबालिग से जुड़े होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार सेरी गांव में एक नाबालिग की शादी करवाने की सूचना पुलिस को मिली। इसी आधार पर पुलिस गांव में शादी स्थल पर पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने शादी रूकवाते हुए प्रमाण पत्रों की जांच की तो उसमें वह नाबालिग साबित हुई। इस दौरान दुल्हा लज्जा राम पुत्र सिबिया राम के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक अंजुम आरा ने बताया कि पुलिस शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ पोस्को के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लड़की समेत उसके परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाबालिग की आयु से जुड़े प्रमाणपत्र मंगवाए हैं जिनकी जांच की जाएगी।