मध्यप्रदेश की घटना के विरोध में किसानों का प्रदर्शन
रामपुर। मध्यप्रदेश की घटना को लेकर अभी भी किसानों में गुस्सा है। इसके विरोध में भाकियू ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। किसानों ने गोलीबारी में मारे गए किसानों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
भाकियू के मंडल सचिव परशुराम शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। पहले पंचायत की और फिर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर प्रदर्शन के बाद अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। डीएम के जरिए प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार ने निहत्थे किसानों पर गोली चलवाकर किसान विरोधी होने का सुबूत दिया है। केंद्र सरकार भी किसानों की दुश्मन साबित हो रही है। ज्ञापन में दोषी अधिकारियों और पुलिस वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, मृतक किसानों के परिजनों को उचित मुआवजा और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
किसानों ने ज्ञापन में स्थानीय समस्याओं का भी हवाला देते हुए उनका निस्तारण करने की मांग की। आरोप लगाया कि राजस्व वसूली के नाम पर किसानों का उत्पीडन किया जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला सचिव खलील अहमद, भूरा खां, रामनाथ मौर्य, महेंद्र सिंह यादव, राहुल सिंह, अहसान अली, इल्यास, ओमवती, छोटी, रेहाना भी शामिल थीं।