जाखू मंदिर के लिए चलने वाली एचआरटीसी की ‘राइड विद प्राइड’ टैक्सी स्थानीय लोगों और सैलानियों के लिए परेशानी बन गई है। टैक्सी में भारी ओवरलोडिंग से लोग परेशान हैं। टैक्सी में सीट हासिल करने के लिए बुजुर्गाें को कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। मंगलवार को इस रूट की टैक्सी दोपहर 12 बजे खराब हो गई। जो दूसरी टैक्सी इस रूट पर चलाई गई वो भी डेढ़ से साढ़े तीन बजे तक गायब रही। जब चालक से इसका कारण पूछा गया तो जवाब मिला, ‘कैश जमा करने गया था’।
समय : 1:45 बजे, स्थान रिट्स स्टॉपेज
रिट्स स्टॉपेज पर तेज धूप में लोग एचआरटीसी टैक्सी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है लेकिन टैक्सी का कोई अता पता नहीं है। दो बजे तक टैक्सी न आने पर मंदिर जा रहे बुजुर्ग हरिदास यह कहते हुए पैदल जाने को तैयार हो गए कि ‘पता नहीं कब आएगी, इस टैक्सी का कोई भरोसा नहीं है। टैक्सी के इंतजार में खड़ी बुजुर्ग महिला ने दुकानदार को आवाज देकर पूछा, भाई टैक्सी क्यों नहीं आ रही, जवाब मिला, ‘पता नहीं, सुबह तो चल रही थी’। तीन बजे टूरिस्ट कप्पल यहा पहुंचा और लोगों से पूछा टैक्सी कब आएगी।
जवाब मिला डेढ़ घंटे से इंतजार कर रहे हैं, पता नहीं कब आएगी। आखिर 3:30 बजे टैक्सी स्टॉपेज पर पहुंची। टैक्सी आते ही भगदड़ मच गई। फ्रंट सीट पर दो बुजुर्ग बैठे, पीछे की सीट और डिग्गी में बैठने के लिए खूब संघर्ष हुआ। पांच मिनट बाद 10 सीटर टैक्सी में ठूंस ठूंस कर 13 लोग सवार हो गए। छोटे बच्चे को गोद में लिए एक महिला और टूरिस्ट कपल टैक्सी में सवार ही नहीं हो पाए।
मंगलवार को परेशानी में डाल दिए हनुमान भक्त
मंगलवार को शहर के सैकड़ों लोग दर्शन के लिए जाखू मंदिर जाते हैं लेकिन सुबह के समय टैक्सी खराब होने और दोपहर बाद रूट से टैक्सी गायब होने के कारण हनुमान भक्तों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
ड्राइवर को जारी होगा नोटिस
दो घंटे रूट से गायब रहने वाले ड्राइवर को नोटिस जारी किया जाएगा। जाखू मंदिर के लिए संडे को अतिरिक्त गाड़ियां भेजी जाती हैं, नियमित तौर पर दो गाड़ियां चलाना फिलहाल मुश्किल है।
- देवासेन नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी
रिट्ज से जाखू मंदिर एचआरटीसी टैक्सी किराये की दरें
सीनियर सिटीजन 15 रुपये
सामान्य 20 रुपये
प्राइवेट टैक्सी ड्रीमलैंड से जाखू 500
रोप-वे वन साइड 295, आना जाना 555 प्रति व्यक्ति
संचालन का समय सुबह 9:30 से शाम 6:30
एक दिन की कमाई 5500 से 6000
बेरोकटोक चल रही अवैध टैक्सियां
जाखू मंदिर के लिए प्रतिबंधित सड़क के बावजूद पुलिस की ढील के चलते बिना परमिट अवैध टैक्सियां खुलेआम ड्रीमलैंड से जाखू सड़क पर दौड़ाई जा रही हैं। टैक्सियों में सैलानियों से जमकर लूट खसोट भी हो रही है।