हिमाचल प्रदेश में 150 से अधिक कब्रिस्तानों पर अवैध कब्जे हैं। नगर निगम शिमला ने कब्रिस्तान में सड़क बना दी है तो शिक्षा विभाग ने स्कूल तक खोल दिए हैं। सोमवार को राज्य सरकार द्वारा हाईकोर्ट में सौंपी गई रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में वक्फ बोर्ड की 400 से अधिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे बताए गए हैं। शिमला सर्किल में सबसे अधिक 207 मामले चिह्नित किए गए हैं। उधर, हाईकोर्ट ने रिपोर्ट में भी कई खामियां पाई हैं।
हाईकोर्ट ने प्रार्थी से रिपोर्ट पर जवाब मांगा है। मामले की आगामी सुनवाई 24 नवंबर को होगी। प्रदेश सरकार ने सोमवार को वक्फ बोर्ड की भूमि और संपत्तियों पर अवैध कब्जों के मामले में हाईकोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश की। सरकार के अनुसार प्रदेश में वक्फ बोर्ड की 400 से अधिक संपत्तियों पर अवैध कब्जों के मामले सामने आए हैं। इसमें सबसे अधिक शिमला सर्किल में 207 मामले चिन्हित किए गए हैं।