जाठियादेवी में विक्रमादित्य ने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बागी पंचायत के विकास पर 15 लाख रुपये खर्च होंगे। यह घोषणा शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जाठियादेवी में आयोजित कार्यक्रम में की।
इससे पहले जाठियादेवी में पंचायत प्रधान नरेश ठाकुर और उपप्रधान देसराज और ग्रामीणों ने फूल मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ विक्रमादित्य सिंह का स्वागत किया। प्रधान नरेश ठाकुर ने पंचायत में सड़क, पेयजल और सिंचाई को लेकर आ रही समस्याएं उठाईं। उन्हाेंने पंचायत के सभी संपर्क मार्गों को लोनिवि के अधीन कर एंबुलेंस रोड बनाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में सब्जी मंडी खोलने और सभी सिंचाई योजनाओं को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस अवसर पर विकमादित्य ने बागी पंचायत भवन के निर्माण के लिए सात लाख, खेल सामग्री के लिए दो लाख, स्कूल मैदान के लिए दो लाख, तारगणी से शाऊटड़ी सड़क के लिए 3 लाख, पंचायत के चार महिलाओं मंडलों को 25-25 हजार और 15 हजार पंचायत को आयोजन के लिए देने की घोषणा की। इसके अलावा झंकार क्लब कंडाघाट और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, जुन्गा जिप सदस्य संतोष कुमार, धामी जिप सदस्य प्रभा, बीडीसी उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर, पंचायत प्रधान नरेश ठाकुर, उपप्रधान देस राज और ग्रामीण मौजूद रहे।