अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहां में हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ की खंड इकाई की विशेष बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता खंड के प्रधान मनमोहन सिंह ने की। बैठक में जिला व राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने भी भाग लिया। बैठक में संघ ने अपनी समस्या व महासंघ को एकजुट करने पर रणनीति तैयार की।
बैठक में महासंघ ने अपनी मांगों को भी प्रदेश सरकार के समक्ष रखा। बैठक में मांग की गई कि अधीक्षक वरिष्ठ सहायक लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के साथ साथ 4-9-14 के लंबित केसों को भी जल्द निपटाया जाए। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 20 वर्ष सेवाकाल लाभ के मामले पर भी सरकार जल्द कार्रवाई करे।
बैठक में कहा गया कि खंड स्तर की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कंप्यूटर डाटा ऑपरेटर का पद सृजित किया जाए। इसके अलावा महासंघ ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं व खंड शिक्षा खंड अधिकारी कार्यालयों में नाइट चौकीदार व सफाई कर्मचारी के पद सृजित करने की भी मांग उठाई। बैठक में आह्वान किया गया कि महासंघ को मजबूत बनाने के लिए सभी गैर शिक्षक कर्मचारी सहयोग करें ताकि अपनी मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाए। बैठक में जिला अध्यक्ष नरेश बत्रा, हरीश शर्मा, रमेश ठाकुर, शरद चंद, राज देवेंद्र ठाकुर व नरेश शर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।
-------------