अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार में आयोजित तीन दिवसीय बिजट देवता बोगधार मेला धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सोने के व्यापारी नरेशचंद वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जिसमें लोक कलाकार मदन झालटा ने अपनी प्रस्तुति दी। झालटा ने शिरगुल महिमा व बिजट महाराज पर गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरूआत की। तदोपरांत ‘बिजली रे लोटो चिशो के खोड़ी रे धीयेनु’, ‘म्हारे ने मुजरा लाना मित्रा’, धारो रे, ‘मेरे जाना तेरे साथ रे गड्डी रोक ले ड्राइवरा’, ‘एक अधिया मंगाई जा रे मेरे पीणी’, ‘गांव दा भराड़ी शोले चिशो रा नाला’ आदि एक के बाद एक गीत गाकर लोगों का मनोरंजन किया।
इस दौरान उन्होंने फास्टबीट गाने भी गाए। सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति दी जिसे खूब सराहा गया। मंच पर आए स्थानीय कलाकारों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। समापन अवसर पर मेला स्थल पर चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला भी खेला गया जिसे देखने के लिए दर्शकों का हुजूम उमड़ा।
इस मुकाबले में हरियाणा टीम ने बोगधार टीम को बुरी तरह से धो कर ट्रॉफी पर कब्जा पाया। समापन अवसर पर मुख्यातिथि ने विजेता टीम को ट्रॉफी व पुरस्कृत राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मेला कमेटी को 31 हजार रुपये भी दिए। समापन अवसर पर कमेटी प्रधान प्रवीण कमल, पंचायत प्रधान संतोष कमल, सुनील कमल, रूपराज कमल, लवराज सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
-- नौहराधार में बिजट देवता बोगधार मेला धूमधाम से संपन्न
-----------------------------