शहर के तीन वार्डों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने की नगर निगम की योजना पहले दिन ही हांफ गई। जाखू और इंजनघर में पहले की तरह एकसाथ ही गीला और सूखा कचरा उठाया गया। वहीं, पटयोग में तो कर्मचारी कूड़ा उठाने ही नहीं आए।
निगम की इस योजना पर पार्षदों ने भी सवाल उठाए हैं। इंजनघर में रोज की तरह वीरवार को भी गीला और सूखा कचरा एकसाथ उठाया गया। यहां सैहब कर्मचारी को अलग बैग तो दिया गया लेकिन कूड़ा डालते ही यह फट गया। वहीं अलग गाड़ी न आने से कर्मचारी ने एक ही बोरे में सारा कचरा उठाया।
पार्षद आरती चौहान ने कहा कि उन्हें योजना शुरू होने की सूचना नहीं है। कहा कि प्रशासन ने उन्हें इस योजना के बारे में नहीं बताया। ऐसे में ज्यादातर लोगों को अभी इसका पता ही नहीं है।
जाखू में भी गीला और सूखा कचरा एकसाथ उठा। हालांकि, यहां कई लोगों ने अलग कचरा रखा था लेकिन कई कर्मचारी एक ही बोेरे में उठाकर ले गए। पार्षद अर्चना धवन ने कहा कि उन्होंने ज्यादातर लोगों को इसकी सूचना दे दी है। लेकिन निगम डस्टबीन मुहैया करवाए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। उधर पटयोग वार्ड के कई घरों से तो सुबह के समय कूड़ा ही नहीं उठा।
नगर निगम आयुक्त पंकज राय का कहना है कि काफी लोगों ने पहले दिन अलग कचरा रखा था। एक हफ्ते में सभी लोगों को इसमें शामिल कर लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग रखें और सहयोग करें। निगम कर्मचारी घर जाकर भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।